बाबतपुर एयरपोर्ट पर एएआई के चेयरमैन और साथ में अन्य अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आज एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया(एएआई) के चेयरमैन गुरु प्रसाद महापात्रा पहुंचे हैं। माना जा रहा है कि वो एयरपोर्ट के विकास संबंधित कोई बड़ी घोषणा कर सकते है।
एयरपोर्ट पर आज एएआई चेयरमैन गुरु प्रसाद महापात्रा ने एयरपोर्ट के विकास को लेकर पहले किए गए विकास कार्यों का निरीक्षण किया। एयरपोर्ट के विकास संबंधी कामों के बारे में अधिकारियों संग बैठक भी प्रस्तावित है।
पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के एयरपोर्ट पर यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण बदलाव होने हैं। इसके विस्तारीकरण का भी प्रयास जारी है। प्रदेश व केंद्र दोनों जगहों पर भाजपा की सरकार है तो विस्तारीकरण के आड़े आ रहा भूमि अधिग्रहण का मामला सुलह होने की उम्मीद है।
बता दें कि एयरपोर्ट विस्तारीकरण के लिए अथॉरिटी के पास जमीन उपलब्ध नहीं है। हाल के वर्षों में वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्री भार बढ़ा है। वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्री भार बढ़ने के मद्दनेजर एयरपोर्ट विस्तारीकरण को आज हरी झंडी मिल सकती है।
विस्तारीकरण के बाद रन-वे की लंबाई बढ़ जाएगी। इससे घने कोहरे व बरसात में भी विमान एयरपोर्ट पर आसानी से उतर सकेंगे। हाल ही में कार्गो क्षेत्र के विस्तार के लिए एयरपोर्ट पर निर्माण कार्य चल रहा था।