सात महीने पहले किया था प्रेम विवाह, नशे में बेड से नीचे गिरा, नाक से खून निकला
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के विजयनगर कॉलोनी, मलदहिया के मंजू विला पेइंग गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 11 में बृहस्पतिवार शाम चार को नितेश शर्मा (39) की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। नितेश शर्मा रायपुर (छत्तीसगढ़) का निवासी था और रायपुर में एक समाचार संस्थान में पत्रकार था। उसने अपनी पत्नी खुशबू के साथ एक पेइंग गेस्ट हाउस में दोपहर दो बजे कमरा बुक किया था। मौके पर एसीपी चेतगंज शुभम सिंह पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलन किया। परिजनों की सूचना दे दी गई है। पुलिस के अनुसार, नितेश शर्मा और पत्नी खुशबू ने बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे पेइंग गेस्ट हाउस में प्रवेश किया था। चार बजे रिसेप्शन पर सूचना मिली कि कमरे में एक व्यक्ति की तबीयत खराब हो गई है। सूचना पर थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा मौके पर पहुंचे और नितेश को गंभीर हालत में कबीरचौरा अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर जांच शुरू कर दी है। पत्नी से भी पूछताछ की गई।
पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि जनवरी 2026 में उसकी नितेश से लव मैरिज हुई थी। उसके अनुसार, नितेश अत्यधिक शराब का सेवन करते थे और मंगलवार को भी शराब पी रहे थे। इसी दौरान वह अचानक बेड से नीचे गिर गए और उनकी नाक से खून निकलने लगा। इसके बाद उसने रिसेप्शन पर सूचना दी, जिसके बाद नितेश को अस्पताल ले जाया गया। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि परिजनों से संपर्क कर लिया है। शुक्रवार सुबह 11 बजे तक परिजनों के वाराणसी पहुंचने की संभावना है। परिजनों के आने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।