महिला की मौत की सूचना पाकर एमबीएस अस्पताल पहुंच कर जांच करती फारेंसिक विभाग की टीम। संवाद
नगर स्थित महाराजा बलवंत सिंह राजकीय अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर (ईएमओ) के विश्राम कक्ष में मंगलवार को 50 वर्षीय बदरूनिशा का दुपट्टे के फंदे से लटकता शव मिला।
घटना के समय ईएमओ डॉ. जेपी सरोज इमरजेंसी में मरीजों को देख रहे थे। कुछ देर बाद जब वे पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पति सलीम अंसारी के अनुसार बदरूनिशा मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। भदोही नगर के चकइनायत कटरा बाजार निवासी सलीम अंसारी मजदूरी कर परिवार की आजीविका चलाते हैं। वह घर पर अपने पांच बच्चों के साथ रहते हैं। पत्नी बदरूनिशा भी साथ रहती थी। बताया कि उनकी पत्नी मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रही थी।
उसका उपचार भी चल रहा था। शाम चार बजे के आसपास सूचना मिली कि उनकी पत्नी घर से कहीं निकल गई है और मिल नहीं रही है। इधर, बदरूनिशा पता नहीं कब एमबीएस में ईएमओ के विश्राम कक्ष में पहुंच गई और अंदर से कुंडी बंद कर दुपट्टे का फंदा लगा लिया।
पत्नी की तलाश कर रहे सलीम जब कोतवाली पहुंचे तो उन्हें अस्पताल में एक लाश मिलने की सूचना मिली। जब अस्पताल पहुंचे तो अस्पताल के ईएमओ के विश्राम कक्ष में उसके पत्नी की लाश लटक रही थी। घटना के बाद पुलिस और फाॅरेसिंक टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल में जुट गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।