सारनाथ। आशापुर पुलिस चौकी की प्रभारी उपनिरीक्षक मीनू सिंह पर शनिवार को महिला ने हमला कर दिया, जिससे उनके सिर और हाथ में चोटें आईं। पुलिस ने इस मामले में आरोपी महिला और उसके ब्वायफ्रेंड के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस के अनुसार, मऊ निवासी रेशमा भारद्वाज (24) और पटना बिहार निवासी विकास मिश्रा (26) तिलमापुर में किराये के मकान में रहते हैं। दोनों भोजपुरी गीतों की शूटिंग में काम करते हैं। आशापुर चौराहे पर शराब और चिकन खरीदने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान विकास मिश्रा ने रेशमा की पिटाई कर दी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना आशापुर पुलिस चौकी को दी।
चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मीनू सिंह दोनों को चौकी लेकर आईं। पुलिस का आरोप है कि चौकी पहुंचने के बाद रेशमा भारद्वाज ने अचानक उपनिरीक्षक पर हमला कर दिया। उसने उनके बाल खींचे और हाथ पर नाखून से हमला कर दिया, जिससे मीनू सिंह के सिर और हाथ में चोटें आईं। उपनिरीक्षक मीनू सिंह की तहरीर पर सारनाथ पुलिस ने रेशमा भारद्वाज और विकास मिश्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।