कोरोना से बचाव के लिए आइसोलेशन बिस्तर तैयार करते स्वास्थ्य कर्मचारी
- फोटो : अमर उजाला।
आजमगढ़ जिले में भी एक संदिग्ध जिला अस्पताल से फरार हो गया है। जिसे लेकर स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। फरार हुए संदिग्ध के खिलाफ अस्पताल प्रशासन ने शहर कोतवाली में तहरीर भी दे दी है। पुलिस व प्रशासनिक अमला उसकी तलाश में जुट गया है। बुधवार को दिन में लगभग दो बजे एक मरीज जिला अस्पताल पहुंचा। डॉक्टर के पास पहुंच कर उसने बुखार होने की बात कही।
इस दौरान उसने अपना नाम पता बताने के साथ ही कुछ दिन पूर्व बहरीन से वापस लौटने की भी बात कही। विदेश से लौटने की जानकारी होते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया। उसे तत्काल आईसोलेशन वार्ड में ले जाकर जांच आदि शुरू कर दी गई। सैंपल लिए जाने की कवायद चल रही थी कि इसी दौरान वह मौका देख कर भाग निकला। फरार हुआ संदिग्ध पड़ोसी जनपद मऊ का रहने वाला है।
उसकी तलाश में स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन की टीम लग गई है। अस्पताल प्रशासन की तरफ से उसके खिलाफ शहर कोतवाली में तहरीर भी दे दी गई है। एसआईसी डॉ. एसकेजी सिंह ने बताया कि संदिग्ध की तलाश में विभागीय टीम लगी है। आजमगढ़ व मऊ जिले के डीएम व सीएमओ को सूचना दे दी गई है। इसके साथ ही शहर कोतवाली में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए तहरीर भी दे दी गई है।