सेवापुरी। उत्तर रेलवे के चौखंडी रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की सुबह वाराणसी से भदोही जा रही एक मालगाड़ी के चक्के के पास से चिन्गारी निकलने लगी। स्टेशन पर खड़े रेलवे कर्मचारी पॉइंट पैन पंकज कुमार और सेंटिंग मास्टर पवन श्रीवास्तव ने तत्परता दिखाते हुए लाल झंडी दिखाकर ट्रेन को रोक दिया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची टेक्निकल टीम ने अग्निशमन यंत्र का उपयोग कर चिंगारी को बुझाया और ट्रेन की आधी बोगी को अलग किया। घटना के कारण दोपहर 12 बजे तक आवागमन प्रभावित रहा। घटना शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे हुई, जब वाराणसी की तरफ से भदोही जा रही मालगाड़ी के हाट एक्सेल जाम होने के कारण चक्के से चिंगारी निकलने लगी।
स्टेशन पर तैनात कर्मचारियों ने तुरंत इसे देखा और स्टेशन अधीक्षक अशोक कुमार को सूचना दी। इसके बाद मेन लाइन पर ट्रेनों का आवागमन रोक दिया गया। विभागीय टीम ने ट्रेन की आधी बोगी अलग की और मरम्मत कार्य शुरू किया। लगभग पांच घंटे तक मेन लाइन पर यह बोगी खड़ी रही, जिससे कई ट्रेनों का आवागमन प्रभावित हुआ।