चंदौली के जसौरी में क्षतिग्रस्त पुलिया। संवाद
चंदौली-चकिया मार्ग पर जसौरी में 61.25 लाख की लागत से क्षतिग्रस्त पुलिया का निर्माण किया जाएगा। पुरानी पुलिया रखरखाव के अभाव में क्षतिग्रस्त हो गई है। ग्रामीण काफी दिनों से पुलिया के नव निर्माण की मांग कर रहे थे। उनकी मांग के बाद पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड की ओर से पुलिया के नव निर्माण की कार्ययोजना शासन को भेजी गई थी जिसे मंजूरी मिल गई है। विभाग टेंडर की प्रक्रिया पूरी करने में जुट गया है। पुलिया बन जाने से करीब 15 गांवों के ग्रामीणों व किसानों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
मार्ग पर बनी पुलिया की रेलिंग टूटकर नहर में गिर चुकी है। रैंप पर भी जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। इस मार्ग से चंदौली सदर, नवही, पैतुआ, मसौनी, जसौरी, मऊहर, पिपरपटिया, भटपुरवा सहित आसपास के 15 गांवों के लोगों का आवागमन होता है। जसौरी गांव स्थित पुलिया की रेलिंग टूटकर गिर गई है। वहीं, रैंप पर गड्ढे होने और सड़क की सतह उखड़ने से आवागमन जोखिमभरा हो गया है। खासकर बरसात के दिनों में फिसलन बढ़ने से बाइक सवारों को परेशानी होती है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि पुलिया का नवनिर्माण होने से आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सकेगा।
कोट.......
ग्रामीण काफी दिनों से पुलिया के नवनिर्माण की मांग कर रहे थे। उनकी मांग के बाद पुलिया के निर्माण की कार्ययोजना बनाकर शासन को भेजी गई थी। शासन से अनुमति मिलने और धन अवमुक्त होने के बाद टेंडर की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। कृष्ण कुमार, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी, निर्माण खंड, चंदौली।