वाराणसी। नमो घाट पर होने वाले एयर शो में लाखों की भीड़ के प्रवेश, निकास और भीड़ नियंत्रण को लेकर जिला प्रशासन कई वैकल्पिक मार्गों को बनाने का काम कर रही है। मंगलवार देर शाम नमो घाट के पूर्वी छोर पर आदिकेशव घाट के पास पीपा पुल बनाने का काम शुरू किया गया। यह अस्थायी पुल गंगा और वरुणा नदी के ऊपर बनाया जाएगा। इसके तैयार होने से नमो घाट की ओर आने-जाने वाले लोगों को वैकल्पिक रास्ता मिलेगा। साथ ही वाहनों के आवागमन में भी सहूलियत होगी। एयर शो के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में जुटा है। हालांकि, मंगलवार रात 11:30 तक पीपा पुल बनाने का काम चालू रहा। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने बताया कि भीड़ को ध्यान में रखकर आदि केशव घाट से नमो घाट तक पीपा पुल का निर्माण कराया जा रहा है। इसके बनने से काफी सहूलियत होगी। ब्यूरो