मालवाहक गाड़ी को पटरी के पास से हटाते लोग
- फोटो : अमर उजाला
चंदौली जिले के सहरोई गांव के समीप शुक्रवार की भोर में अमृतसर-हावड़ा एक्सप्रेस की टक्कर से मालवाहक गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। इसके चलते ट्रेन का इंजन फेल हो गया और वह तीन घंटे तक खड़ी रही। इससे मुगलसराय-दानापुर रूट पर ट्रेनों का आवागमन रुका रहा।
इंजन को ठीक करने पर आवागमन चालू हुआ। अमृतसर हावड़ा एक्सप्रेस छह घंटे देरी से मुगलसराय पहुंची। यहां से भोर में दो बजकर 37 मिनट पर रवाना हुई। ट्रेन सहरोई गांव के समीप पहुंची थी, तभी मछली लादने के लिए जा रही मालवाहक गाड़ी पटरी पार करने लगी।
इसी दौरान ट्रेन की टक्कर से गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि टक्कर से पहले ही मालवाहक का चालक कूद गया। इससे उसकी जान बच गई। ट्रेन चालक ने सूचना कंट्रोल को दी।
तब अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। आरपीएफ, जीआरपी के अलावा सहायक मंडल सुरक्षा आयुक्त मंडल की तकनीकी टीम ने तीन घंटे में इंजन को ठीक किया। तब ट्रेन रवाना हुई।
इस दौरान डाउन की तरफ जाने वाली ट्रेनों को जहां-तहां रोक दिया गया था। इससे एक दर्जन ट्रेन तीन से पांच घंटे विलंबित हुईं। दानापुर मंडल के अधिकारियों ने मामले की जांच कराने की बात कही।
देर शाम डीआरएम आरके झा ने भी मौका मुआयना किया। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि हृदयपुर गांव में मानव रहित रेलवे क्रासिंग पर गुरुवार को सिलेंडर लदा मालवाहक मालगाड़ी से टकरा गया था।