उत्तर प्रदेश में सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र के निंगा पनारी जंगल में रविवार की रात शिकार करने गए युवकों में मारपीट हो गई। एक ने कुल्हाड़ी तो दूसरे ने तीर से हमला कर दिया। कुल्हाड़ी के हमले में एक की मौत हो गई। हमलावरों ने मृतक का हाथ बांधकर रेलवे ट्रैक के समीप पटरी पर रख दिया।
सोमवार को घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने तीन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है। उधर, दो आरोपी खुद थाने पहुंचकर पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी।
सोमवार की अलसुबह चोपन-सलईबनवा रेलवे लाइन पर गैंगमैन रेलवे पटरियों की पेट्रोलिंग कर रहा था। गैंगमैन ने रेलवे ब्रीज बगबैसा में पटरियों के बीच शव देखकर उच्चाधिकारियों को सूचना दी। एक हाथ उसके एक पैर से पेड़ की खाल से बंधा था।
घटना कि जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटना स्थल पर पहुंच गए। इस दौरान कुछ लोगों ने शव की पहचान रामशरण बैगा उर्फ गोगल (45) पुत्र छोटेलाल निवासी चैना टोला के रूप में की। उधर, घटनास्थल पर पहुंची चोपन पुलिस ने शव का पंचनामा कर जिला अस्पताल भेज दिया।