वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र के खरगूपुर गांव में प्राचीन शिव मंदिर पर शनिवार की दोपहर नंदी द्वारा पानी पीने की अफवाह फैल गई। इससे यहां ग्रामीणों की भारी भीड़ लग गई और एक दूसरे से पहले पानी पिलाने की होड़ लग गई। इसकी सूचना पर पुलिस पहुंची और मंदिर को बंद करा कर किसी तरह भीड़ को हटाया।
बताया जाता है कि गांव के ही एक व्यक्ति को मोबाइल से उनके रिश्तेदार का जौनपुर से फोन आया कि नंदी पानी पी रहे हैं। उत्सुकता पूर्वक अनिल शर्मा भी घर के बगल में 103 साल पुराने शिव मंदिर पहुंच कर नंदी को पानी पिलाने लगे। नंदी द्वारा पानी पीने की अफवाह ग्रामीणों को लगते ही मंदिर पर भारी भीड़ जुट गई और एक दूसरे में नंदी को पानी पिलाने की होड़ लग गई।
मंदिर की देखरेख करने वाले अश्विनी अग्रहरि व सुरेंद्र अग्रहरि ने कोरोना वायरस का हवाला देते हुए सभी लोगों को वहां से चले जाने की अपील की, लेकिन ग्रामीणों ने उनकी एक न सुनी। इसके बाद जंसा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर को बंद करा कर भीड़ को वहां से अपने घरों में जाने को कहा। इसके बाद भीड़ हट गई। मौके पर पुलिस को तैनात कर दिया गया है।