वाराणसी। महाशिवरात्रि पर आने वाली भारी भीड़ के मद्देनजर कैंट रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं को पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पांच-पांच हजार लीटर की दो टंकियां सर्कुलेटिंग एरिया में लगा दी गई हैं। इसके अलावा दस अस्थायी महिला और पुरुष शौचालय बनाए गए हैं। भीड़ बढ़ी तो और स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।
यह जानकारी उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के एडीआरएम आरके लाल ने शुक्रवार को कैंट स्टेशन पर तैयारियों की समीक्षा करने के बाद पत्रकारों को दी। उन्होंने कहा कि कैंट स्टेशन के प्लेटफार्म और यात्री हाल में एक साथ 18 हजार यात्रियों के जाने की व्यवस्था की गई है। अगर इससे ज्यादा लोग रहेंगे तो उन्हें सर्कुलेटिंग एरिया या फिर सड़क पर रोक दिया जाएगा। भीड़ कम होने पर ही और यात्रियों को अंदर जाने दिया जाएगा। गोदौलिया पर ट्रेनों के बारे में ध्वनि विस्तारक यंत्र से एनाउंसमेंट किया जाएगा। इस दौरान बताया जाएगा कि जौनपुर, प्रतापगढ़, फैजाबाद को जाने वाले यात्री कैंट स्टेशन से ट्रेन पकड़ें। गया, पटना, कोलकाता के लिए मुगलसराय और बलिया, छपरा, गाजीपुर. मऊ के लिए सिटी स्टेशन एवं मंडुवाडीह से ट्रेनें मिलेंगी। ऐसा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए किया गया है। इस तरह का एनाउंसमेंट हर आधे घंटे पर होता रहेगा। बताया कि उत्तर रेलवे पांच और पूर्वोत्तर रेलवे चार स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुरक्षा के लिए कैंट स्टेशन पर आरपीएसएफ के जवान, स्काउट गाइड और नागरिक सुरक्षा के सदस्य तैनात रहेंगे। इसके अलावा डाक्टरों की टीम भी मौजूद रहेगी।