पिंडरा (सं.)। अखिल भारतीय नवोदय विद्यालय कर्मचारी संगठन के आह्वान पर गुरुवार को गजोखर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर रहे। इससे पूरे दिन पठन-पाठन बाधित रहा।
संगठन के स्थानीय सचिव शिक्षक सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में सभी शिक्षक-कर्मचारी परिसर में जुटे और प्रदर्शन किया। सुरेंद्र कुमार ने कहा कि देशभर के 700 नवोदय विद्यालयों के करीब 30 हजार कर्मचारियों की लंबित मांगें केंद्र सरकार नहीं मान रही। इस पर आक्रोश जताया गया। विरोध प्रदर्शन करने वालों में प्राचार्य ममता अग्रवाल, शिवानंद उपाध्याय, आरपी सिंह, एस. कुमार, डीपी सिंह, पीएस यादव, आरए यादव आदि मौजूद रहे।