वाराणसी। विभूति एक्सप्रेस (डाउन) में कोच संख्या तीन में सीट के नीचे लावारिस अटैची मिलने से अफरातफरी मच गई। डेढ़ घंटे तक यात्रियों की जान सांसत में पड़ी रही। गाड़ी जब कैंट स्टेशन पहुंची और जीआरपी ने अटैची को कब्जे में ले लिया तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली। इलाहाबाद से हावड़ा जाने वाली विभूति एक्सप्रेस 04:36 मिनट पर ज्ञानपुर रोड स्टेशन पहुंची। इस दौरान आरपीएफ के जवानों को कोच में एक अटैची होने की जानकारी यात्रियों ने दी। आरपीएफ ने इसकी सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को दी। ट्रेन जैसे ही कैंट स्टेशन पहुंची, जीआरपी के जवानों ने अटैची को कब्जे में ले लिया। अटैची खोलने पर उसमें महिला के कपड़े मिले, तब जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली।