वाराणसी। डीजल पावर हाउस में शाम को फ्लैशिंग होने के कारण उपकेंद्र दो घंटे तक ठप रहा। खराबी दूर करके शुक्रवार की रात साढ़े आठ बजे बिजली आपूर्ति सामान्य की गई। वरुणापार और पक्का महाल में ट्रांसफार्मरों पर मीटर लगाने के लिए विभिन्न इलाकों की आपूर्ति ठप रखी जाएगी।
मंडुआडीह बाजार में 630 केवी का ट्रांसफार्मर बदलने के लिए टाउन टू की आपूर्ति शाम पांच बजे तक ठप रही। डीपीएच इलाके से जुड़े इस क्षेत्र की आपूर्ति बहाल होने के डेढ़ घंटे बाद ही उपकेंद्र में फ्लैशिंग हुई और बिजली गुल हो गई। दो घंटे बाद गड़बड़ी खोज कर उसे दुरुस्त किया गया और आपूर्ति बहाल हुई। अधीक्षण अभियंता नगर विद्युत वितरण मंडल द्वितीय एसएन राय ने बताया दो नवंबर से तृतीय, पंचम एवं षष्ठम खंड में ट्रांसफार्मरों पर डीटी लोकेशन मीटर लगवाए जा रहे हैं। इस वजह से दो तारीख को लेढूपुर से निकलने वाले पंचक्रोशी फीडर एवं काशी उपकेंद्र के सरैया फीडरों की आपूर्ति सुबह 11 से शाम पांच बजे तक बाधित रही। तीन नवंबर को पन्नालाल पार्क के अकला, चार नवंबर को मकबूल आलम रोड उपकेंद्र के हुकुलगंज एवं पांडेयपुर, पांच नवंबर को पांडेयपुर उपकेंद्र के नारायणपुर एवं बड़ालालपुर के चांदमारी फीडर की आपूर्ति सुबह 11 से शाम पांच बजे तक ठप रहेगी। इसी तरह छह नवंबर को कोइलहवा एवं तरना उपकेद्रों के कादीपुर और शिवपुर, सात को चौकाघाट के बड़ीबाजार और रेलवे फीडरों पर ट्रांसफार्मर लगाने का काम होगा।