वाराणसी। जेसीआई काशी दर्पण की ओर से एक सार्थक पहल के तहत गरीब बालिकाओं और महिलाओं के लिए सप्ताहव्यापी समर कैंप का आयोजन किया गया। इसमें करीब डेढ़ सौ लोगों ने हिस्सा लिया। समर कैंप में विभिन्न कोर्स की जानकारी उपलब्ध कराई गई और प्रशिक्षणार्थियों का आह्वान किया गया कि वह इसे सीखकर स्वावलंबी बन अपने पैरों पर खड़ी हों। सोमवार को मैदागिन स्थित हरिश्चंद्र कन्या इंटर कालेज में आयोजित सप्ताहव्यापी समर कैंप का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि जेसीआई की मंडलाध्यक्ष मीनाक्षी अग्रवाल ने किया। उन्होंने कहा कि क्लब की ओर से हर साल इस तरह के कैंप आयोजित किए जाते हैं, जो गरीब समाज की महिलाओं और बालिकाओं के लिए उपयोगी हैं। क्लब अध्यक्ष नीलू अग्रवाल ने कहा कि क्लब का उद्देश्य उन गरीब महिलाओं और बालिकाओं को स्वावलंबी बनाना है, जो अपने लिए कुछ करना चाहती हों। बताया कि सात से 12 मई तक चलने वाला यह कैंप प्रतिदिन शाम चार से छह बजे तक चलेगा। इसमें प्रशिक्षणार्थियों को स्वावलंबन से जुड़े कई कोर्स कराए जाएंगे। पहले दिन कैंप में 150 बच्चों ने विभिन्न जानकारियां हासिल कीं। अंत में अर्चना अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान संयोजक निधि अग्रवाल, सरिता, जवालिका पटेल, माधुरी, भावना अग्रवाल और लीना आदि मौजूद थीं।