वाराणसी। शहर के बीचोबीच बने बेनियाबाग पार्क को पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां विभिन्न आयोजनों के लिए स्कूलों को बुलाया जाएगा। स्कूली बच्चे ही यहां पौधारोपण करेंगे। वहीं पार्क की स्वच्छता की गारंटी आयोजक को लेनी होगी। सफाई सुनिश्चित करने के लिए आयोजकों से सिक्योरिटी मनी जमा कराई जाएगी। आयोजन के बाद गंदगी मिलने पर यह रुपये जब्त कर लिए जाएंगे। ये निर्णय गुरुवार को कमिश्नरी में हुई बेनियाबाग पार्क ट्रस्ट की बैठक की अध्यक्षता कर रहे कमिश्नर आरएम श्रीवास्तव ने लिए। उन्होंने कहा कि पार्क को आमदनी का जरिया न बनाया जाए। इससे प्राप्त आय को जनहित में खर्च किया जाए।
ट्रस्ट के सचिव जिला उद्यान अधिकारी को कमिश्नर ने निर्देश दिया कि काम शुरू होने के पहले पार्क की वीडियोग्राफी कराएं। प्रदर्शनी लगने वाले क्षेत्र में साफ-सफाई कराने को कहा। प्रदर्शनी लगाने वालों को दी जाने वाली अनुमति में एक और शर्त जोड़ने को कहा। इसमें सफाई के एवज में सिक्योरिटी मनी जमा करानी होगी। बैठक में उद्यान विभाग की ओर से 38.64 लाख रुपये खर्च प्रस्तावित किया गया था। इससे पार्क में मिट्टी भराई, घास लगाने और पेंटिंग के कार्य कराए जाएंगे। आय-व्यय की समीक्षा में पाया गया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में पार्क से 28.50 लाख रुपये की आय हुई। इसमें से 1.20 लाख रुपये खर्च हुए हैं। पार्क ट्रस्ट के पास जमा की कुल धनराशि ब्याज सहित अब 1.13 करोड़ रुपये हो गई है। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि विगत चार वर्षों से ट्रस्ट की बैठक नहीं हुई है। कमिश्नर ने ट्रस्ट की धनराशि को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। जमा राशि से 1.12 करोड़ रुपये तीन वर्षीय स्वत: हस्तांतरित सावधि खाते में जमा कराने को कहा। हर तीन माह पर बैंक खाते से मिलान किया जाएगा। वित्तीय रखरखाव के लिए नगर निगम के सहायक लेखाधिकारी को नामित किया गया है।
इनसेट
एसबीआई 5.80 करोड़ रुपये खर्च कर विकसित करेगा चिल्ड्रेन पार्क
वाराणसी। बेनियाबाग पार्क ट्रस्ट की बैठक में डीएम प्रांजल यादव ने बताया कि 20 एकड़ वाले बेनियाबाग पार्क को विकसित करने के लिए कई बैंकों ने रुचि दिखाई है। भारतीय स्टेट बैंक की ओर से 5.80 करोड़ रुपये खर्च करने की मंशा जाहिर की गई है। इस कार्य में प्रकाश, फव्वारा, चिल्ड्रेन पार्क, रेलिंग निर्माण, जलभराव की समस्या से निजात के अलावा पार्क को सुंदर बनाने का प्रस्ताव है। पार्क के आस पास से अतिक्रमण जल्द हटाया जाएगा।