वाराणसी। शहर में अब रोजाना आधी रात को दो घंटे की विद्युत कटौती होगी। कंट्रोल ने शहर में चार घंटे की कटौती का शेड्यूल तय किया है। सोमवार को इस आशय का आदेश सभी पारेषण उपकेंद्रों को प्राप्त हुआ और अगले ही दिन कंट्रोल ने इसकी धज्जियां उड़ा दीं और शहर में तीन चरणों में छह घंटे की कटौती की गई।
लखनऊ कंट्रोल से जारी शेड्यूल के मुताबिक शहर में रोजाना शाम को तीन से पांच और रात को एक से तीन बजे तक चार घंटे की कटौती की जाएगी। सोमवार को रात में एक से तीन बजे तक शहर की बिजली काटी भी गई। मगर मंगलवार को ही यह शेड्यूल ध्वस्त हो गया। दोपहर में 12.40 से 2.40 और शाम को 7.05 से 9.05 के बीच चार घंटे की कटौती की गई। शाम की कटौती से शहर में पेयजल की आपूर्ति प्रभावित हो रही है जबकि रात की कटौती से कानून-व्यवस्था का खतरा उत्पन्न हो गया है। ठंड बढ़ने के कारण घरों के दरवाजे जल्दी बंद हो जा रहे हैं। सड़कें सुनसान हो रही हैं। ऐसे में रात्रिकालीन कटौती से दिक्कत होगी।
राजातालाब उपकेंद्र के लिए जमीन खोजें
वाराणसी। पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम की प्रबंध निदेशक डॉ. काजल ने विद्युत उपकेंद्रों के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश दिया है। उन्होंने इस मामले में ढील बरतने वाली कंपनियों राजकीय निर्माण निगम पर जुर्माना लगाने को कहा। एमडी कार्यालय में मंगलवार को समीक्षा बैठक में उन्होंने राजातालाब में प्रस्तावित उपकेंद्र के लिए जल्द से जल्द जमीन खोजने का निर्देश अभियंताओं को दिया।