वाराणसी। तिरुपति बालाजी ट्रस्ट विश्वनाथ मंदिर के विस्तार की योजना को साकार बनाने में हर मदद करेगा। वेद-संस्कृत के उत्थान के साथ ही शिक्षा, चिकित्सा के क्षेत्र में मंदिर प्रशासन की योजनाओं को मूर्त रूप देने के लिए तिरुपति ट्रस्ट ने हाथ बढ़ाया है। दो दिनी काशी भ्रमण के दूसरे दिन सोमवार को तिरुपति बालाजी के सीईओ एन गिरिधर गोपाल ने कहा कि विश्वनाथ मंदिर के विकास से जुड़ी हर तरह की योजना को साकार करने में तिरुपति बाला ट्रस्ट सहयोग करेगा।
विश्वनाथ मंदिर के विस्तारीकरण की योजना में बाबा के दरबार तक जाने के लिए चौड़ी सड़क, मंदिर के परिसर का विस्तार, प्रशासनिक भवन, अन्नक्षेत्र, जूता-चप्पल स्टैंड, पूजा सामग्री बिक्री पटल के साथ ही यात्री निवास की सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा मंदिर न्यास परिषद की ओर से वेद विद्यालय, बालिका महाविद्यालय और अस्पताल खोलने का भी प्रस्ताव पहले से पारित है। ऐसी अहम योजनाओं को मूर्त रूप देने में तिरुपति बालाजी ट्रस्ट ने विश्वनाथ मंदिर प्रशासन का सहयोग करने का भरोसा दिलाया है। ट्रस्ट के सीईओ ने कहा कि विश्वनाथ मंदिर प्रशासन या न्यास सेवा-कल्याण पर आधारित जो भी प्रस्ताव भेजेगा, उस पर विचार किया जाएगा। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी पीएन द्विवेदी ने बताया कि तिरुपति बालाजी ट्रस्ट से सहयोग लेने पर विचार किया जा रहा है।
इनसेट
तिरुपति बाला ट्रस्ट का काशी में खुलेगा कार्यालय
वाराणसी। तिरुपित बालाजी ट्रस्ट ने काशी विश्वनाथ से अपना रिश्ता जोड़ने के लिए कदम बढ़ा दिए हैं। ट्रस्ट इसके लिए काशी में जल्द ही अपना कार्यालय खोलेगा। तिरुपति बाला के दफ्तर के लिए भवन की तलाश शुरू कर दी गई है। कोशिश की जा रही है कि यह दफ्तर विश्वनाथ मंदिर के आसपास ही खोला जाएगा। मंदिर प्रशासन ने इसकी पुष्टि की।