वाराणसी। नगर आयुक्त उमाकांत त्रिपाठी ने सोमवार को निगम परिक्षेत्र के 160 दुर्गा पूजा स्थलों और 37 रामलीला स्थलों की सड़क, सफाई और कूड़ा उठान संबंधी समस्याओं को निस्तारित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अफसरों को चेताया कि बौद्ध कान्क्लेव और आगामी सभी त्योहारों के मद्देनजर 25 सितंबर तक शहर की सड़कें हर हाल में गड्ढामुक्त होनी चाहिए। शुक्रवार को नगर आयुक्त कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान उन्होंने ये बातें कहीं।
नगर आयुक्त ने कहा कि आगामी त्योहारों और बौद्ध कान्क्लेव को ध्यान में रखकर किसी भी प्रकार की लापरवाही संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर भारी पड़ सकती है। इसलिए सफाई, जलनिकासी, नियमित कूड़ा उठान और सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. एसएसपी वर्मा और मुख्य अभियंता कैलाश सिंह को विशेष हिदायत दी कि दोनों विभाग आपसी तालमेल बनाकर शहर की सफाई व्यवस्था सुधारें। अपर नगर आयुक्त बीके द्विवेदी ने कहा कि कार्य के दौरान संबंधित अधिकारियों को यदि कोई अड़चन आ रही हो तो वे उनसे संपर्क कर सकते हैं, समस्या का तत्काल निराकरण कराया जाएगा।