रोहनिया (वाराणसी)(सं.)। प्रशासन की रोक के बाद भी जिला पंचायत के ठेकेदार की ओर से नाव का संचालन कराया जा रहा था। करीब बीस लोगों की क्षमता वाली नाव दिन में करीब चार चक्कर लगाती थी। ठेकेदार को हिरासत में ले लिया गया है।
नाविक संतोष साहनी के मुताबिक मंगलवार की दोपहर जब वह बेटावार घाट से गांगपुर घाट की ओर जा रहा था तब बीस की संख्या पूरी होने के बाद उसने लोगों को नाव में चढ़ने से मना किया था लेकिन लोग जबरन नाव में चढ़ते गए। यह संख्या 48 तक पहुंच गई। इसके बाद नाव में एक दर्जन बाइक भी लाद दी गई। बेटावर घाट पहुंचे डीएम प्रांजल यादव ने बताया कि नाव के ओवरलोड होने की वजह से हादसा हुआ। रोक के बाद भी नाव संचालन कराने की जांच कराई जाएगी।