बाबतपुर/पिंडरा/शिवपुर। फूलपुर के सगुनहा से 16 जून को लापता फल कारोबारी के चार साल के बेटे का गुरुवार को शव मिलने से सनसनी फैल गई। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने सपा नेता पर अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए बाबतपुर स्थित वाराणसी-लखनऊ मार्ग पर चार घंटे तक चक्काजाम कर दिया। यही नहीं, उन्होंने छह से अधिक वाहनों में तोड़फोड़ भी की। सूचना मिलने पर एसपी ग्रामीण, एडीएम, कई थानों के एसओ, पिंडरा के सीओ भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। इस मामले में पुलिस ने सपा नेता सहित दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।
फूलपुर थाना क्षेत्र के सगुनहा गांव निवासी फल कारोबारी विनोद सोनकर की पत्नी रीना देवी क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। 16 जून को सुबह करीब नौ बजे उनका चार साल का बेटा रौनक घर के बाहर खेल रहा था। यहां से वह लापता हो गया। गांव में खोजबीन करने के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई। कार्रवाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने उसी दिन शाम सात बजे सगुनहा के ग्राम प्रधान शेखर पटेल के नेतृत्व में वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। उस समय पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ग्रामीणों की मांग पर कई लोगों के घरों की तलाशी भी ली, लेकिन संदेह व्यक्त करने के बाद भी पुलिस ने आरोपी सपा नेता के घर तलाशी नहीं ली। इस बीच गुरुवार को आरोपी सपा नेता के घर की चहारदीवारी के बाहर झाडि़यों में गांव के दो बच्चों ने शव पड़ा देखा तो परिवार वालों को जानकारी दी। कुछ ही देर में यह बात पूरे गांव में फैल गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों एवं परिवार वालों ने हाथ में पहने कड़े से रौनक की शिनाख्त की। शव को देखने से लग रहा था कि उसके पूरे बदन को तेजाब डालकर जलाया गया है।
उधर, बच्चे का शव मिलने से नाराज ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर वाराणसी से लखनऊ जाने वाले मार्ग पर अपराह्न तीन बजे जाम लगा दिया। उन्होंने इस दौरान बस, मैजिक, एंबुलेंस सहित छह से ज्यादा वाहनों में तोड़फोड़ भी की। कुछ ही देर में कई थानों की पुलिस, दो कंपनी पीएसी, सीओ पिंडरा परमहंस मिश्रा, एडीएम पिंडरा, एसपी ग्रामीण प्रदीप गुप्ता मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जाम खुलवाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण आरोपी की गिरफ्तारी पर अड़े रहे। ग्रामीणों के दबाव के चलते डाग स्क्वाड, फौरेंसिक की टीम भी बुलाई गई। कारोबारी की तहरीर पर सपा नेता एवं उसके भाई को हिरासत में ले लिया गया। इसके बाद शाम सात बजे जाम समाप्त हुआ।
कहीं चुनावी रंजिश तो नहीं ?
वाराणसी। बचे की मां और आरोपी सपा नेता बीडीसी के लिए चुनाव लड़े थे। उस समय सपा नेता ने रीता के पति विनोद सोनकर पर चुनाव नहीं लड़ाने का दबाव बनाया था। लेकिन विनोद दबाव में नहीं आया। उसने पत्नी को चुनाव लड़ाया और विजय हासिल की। ब्लाक प्रमुख के चुनाव में आरोपी सपा नेता ने सपा प्रत्याशी के पक्ष में मत डालने का दबाव बनाया लेकिन वहां भी असफलता हाथ लगी। जिससे आरोपी खफा हो गया। इससे लगता है कि कहीं चुनावी रंजिश में घटना को अंजाम तो नहीं दिया गया। ग्रामीणों का कहना था कि अगर पुलिस ने सपा नेता के घर की तलाशी ली होती तो शायद रौनक की जान बच जाती।
फौजी अपहरण कांड का आरोपी है सपा नेता
वाराणसी। चार साल के बच्चे का अपहरण कर हत्या करने के मामले में आरोपी सपा नेता करीब एक साल पहले गोमती नगर लखनऊ निवासी फौजी जितेंद्र सिंह के अपहरण एवं हत्या के मामले में भी आरोपी है। इस मामले में फौजी के परिवार वालों ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया था जिसमें सपा नेता का नाम भी शामिल था। उसकी गिरफ्तारी को लेकर क्राइम ब्रांच लखनऊ की टीम ने कई बार दबिश भी दी थी।
कोट:
बच्चे के गायब होने के बाद गुमशुदगी दर्ज कर उसकी खोजबीन की गई। गुरुवार को बच्चे की लाश टुकड़ों में पाई गई है। ऐसा लगता है कि उसे किसी पदार्थ से जलाया गया है। इस मामले में बच्चे के पिता की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ हत्या एवं अपहरण के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
------------------प्रदीप गुप्ता एसपी ग्रामीण