वाराणसी। फिल्म शहीद का गीत ‘मेरा रंग दे बसंती चोला’ महज गीत नहीं बल्कि अरविंद केजरीवाल की सेना की ऊर्जा शक्ति भी है। आप की सेना बुधवार को जब मलदहिया पर सरदार पटेल और लहुराबीर पर चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा को माल्यार्पण कर कचहरी के लिए रवाना हुई तो इस गीत पर कार्यकर्ता थिरकते हुए चल रहे थे। वो मस्ती में ऐसे डूबे थे कि उनपर बैसाख की कड़ी धूप का भी असर नहीं था। जुलूस में शामिल भीड़ के चलते तेलियाबाग से लेकर नदेसर तक का इलाका पट सा गया था।
केजरीवाल का काफिला जब अंधरापुल पहुंचा तो जाम के चलते वाहन जहां-तहां खड़े हो गए। धूप में काफी देर तक खड़े रहने के बावजूद राहगीर शांत थे। वे भी केजरीवाल के जुलूस को देख रहे थे। दोपहर लगभग साढ़े बारह बजे अंधरापुल रेलवे बृज से सारनाथ एक्सप्रेस गुजरी तो ट्रेन के यात्रियों ने हाथ हिलाकर केजरीवाल का अभिनंदन किया। उन्होंने भी अभिनंदन का जवाब दिया। आप प्रत्याशी के नामांकन जुलूस को कैमरे में कैद करने के लिए देश ही नहीं विदेश की भी मीडिया आतुर थी। कोई फ्लाईओवर पर तो कोई रेलवे ट्रैक पर खडे़ होकर जुलूस को कैमरे में कैद कर रहा था। हादसे की आशंका के मद्देनजर फ्लाईओवर पर मौजूद पुलिस के जवान वाहनों को धीमी गति से रवाना कर रहे थे।
जुलूस में लगे नारे
- दिल्ली में शीला हारी अबकी मोदी की बारी
- यह देश है आपका, नहीं किसी के बाप का
- जो दो जगह से लड़ता है, केजरीवाल से डरता है
- भ्रष्टाचार का एक ही काल, केजरीवाल-केजरीवाल
- क्यों पड़े हो चक्कर में, कोई नहीं है टक्कर में
- पहले लड़े थे गोरों से, अब लड़ेंगे चोरों से
- मुहर लगेगी किस पर, झाड़ू पर झाड़ू पर
- यह अंदर की बात है, पुलिस हमारे साथ है
- केजरीवाल संघर्ष करो हम तुम्हारे साथ हैं