फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बेनिया में ‘डी’ घेरा वाले मंच पर होंगे केजरीवाल

Tue, 25 Mar 2014 05:31 AM IST
Varanasi
विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी। आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल की बेनियाबाग के मैदान में मंगलवार को होने वाली जन समर्थन रैली के लिए ‘डी’ घेरा वाले मंच को देर शाम अंतिम रूप दे दिया गया। पार्टी के दो सौ प्रशिक्षित कार्यकर्ता इस घेरे के अंदर दिल्ली के पूर्व सीएम की सुरक्षा में तैनात रहेंगे। रैली की व्यवस्था संभालने के लिए दिल्ली, लखनऊ के अलावा पश्चिमी यूपी से भी कार्यकर्ता आए हैं।
विज्ञापन

बेनियाबाग के मैदान में सोमवार शाम 47 फुट के घेरे वाला डी तैयार किया गया। केजरीवाल के लिए 20 गुणा 35 फीट का मंच बनाया गया है जिस पर कुमार विश्वास, गोपाल राय, शाजिया इल्मी, आशुतोष, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह सहित 25 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। डी के भीतर सुरक्षाकर्मी और चुनिंदा कार्यकर्ता ही मौजूद रहेंगे। सुरक्षा घेरे के बाद बैठने के लिए दरी बिछाई गई है। उसके बाद पांच हजार कुर्सियां रखी गई हैं। विरोधी दलों की ओर से मंच स्थल के आसपास किसी तरह का व्यवधान पैदा न होने पाए, इसके लिए भी आप ने रक्षात्मक उपाय किए हैं। पुलिस, पीएसी के अलावा पार्टी के कार्यकर्ताओं को रैली स्थल की तीन चरण में निगरानी सौंपी जाएगी। डी घेरा वाले मंच के पास दिवाकर सिंह के नेतृत्व में दो सौ कार्यकर्ता तैनात किए जाएंगे। सुरक्षा घेरे में सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाले कार्यकर्ताओं के अलावा कोई प्रवेश नहीं कर सकेगा। इन कार्यकर्ताओं को तीन तरह के पास जारी किए गए हैं। डी घेरा के अंदर और उसके बाहर की निगरानी रखने वाले कार्यकर्ताओं के पास अलग-अलग होंगे। पार्किगिं की व्यवस्था संभालने वालों के लिए अलग पास होंगे। रैली की तैयारियों को अंतिम रूप दिलाने में जुटे लोक सभा क्षेत्र प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि विरोधी दलों के कार्यकर्ता रैली के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए पार्टी अपने स्तर पर मंच स्थल की सुरक्षा पर नजर अलग से रखेगी।
इनसेट
आप और सपा कार्यकर्ताओं में नोकझोंक
वाराणसी। आप की रैली की तैयारी में जुटे कार्यकर्ताओं और सपाइयों में बेनियाबाग के सभा स्थल पर मंगलवार शाम नोकझोंक हुई। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में उस समय कहासुनी होने लगी जब एक चैनल की ओर से माहौल जानने के लिए लाइव साक्षात्कार चल रहा था। रैली की व्यवस्था संभालने वाले मुकेश सिंह ने बताया कि सपा के लोग आप कार्यकर्ताओं का मनोबल गिराने के लिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों के बारे में प्रशासन को सूचना दे दी गई है। बताया कि आप के प्रचार से नाराज कुछ लोगों ने प्रह्लाद घाट पर उनकी दुकान में भी तोड़फोड़ की है। संपूर्णानंद स्टेडियम के पास आरएस राय और रोशन से रैली के पर्चे छीन लिए गए।
विज्ञापन


मोदी और भाजपा के दावों की खोलेंगे पोल
वाराणसी। आप की रैली में अरविंद केजरीवाल न केवल काशी बल्कि गुजरात के विकास के दांवों की भी पोल खोलेंगे। वे किसानों की आत्महत्या, कर्ज व अशिक्षा सवाल पर नरेंद्र मोदी को तो घेरेंगे ही, काशी का विकास नहीं होने पर भाजपा पर भी निशाना साधेंगे। यहां आमजन को परेशान करने के विषय पर समर्थकों से फीडबैक लिया जा रहा है। वाराणसी में केजरीवाल के लिए पार्टी जमीन तैयार करने में जी जान से जुटी है। इस क्रम में बेनियाबाग में होने वाली रैली को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आप पदाधिकारियों का कहना है कि पिछले दिनों केजरीवाल ने गुजरात दौरे के समय वहां के हालात के बारे में विवरण जुटाया है। इस बाबत पार्टी के यूपी संयोजक संजय सिंह ने बताया कि निश्चिततौर पर रैली गुजरात के विकास की बात होगी। गुजरात में मोदी के दस वर्षों की सरकार में घाटा हजार से लाख करोड़ पहुंच गया। पिछले दस साल के गुजरात में 800 किसानों के आत्महत्या के मुद्दे को भी उठा सकते हैं। इसके अलावा बनारस सड़कें, बिजली, पानी, गंदगी, गंगा व बुनकरों की समस्या शामिल होगी। काशी पहुंची डीयू की पूर्व अध्यक्ष व स्टारप्रचारक अल्का लांबा ने बताया कि जिस प्रकार के फीडबैक मांगे गए हैं उससे तो यहीं लगता है। उन्होंने बताया कि बनारस में दशकों से बीजेपी के जनप्रतिनिधि चुने जाते रहे हैं लेकिन गलियों में चले जाइए तो गांवों से भी बद्तर सड़क व सफाई की व्यवस्था है। साथ ही बुनकरी व बनारसी साड़ी का भी दम घुट रहा है।



आम आदमी की तरह रहें ‘आप’ कार्यकर्ता
हाल ‘आप’ कार्यालय का
दिल्ली, कानपुर से करीब सात सौ लोग पहुंचे
वाराणसी। अरविंद केजरीवाल की तरह ही आमआदमी पार्टी का हर कार्यकर्ता आम आदमी की तरह दिखना चाहिए। इसी छवि को लेकर हम लोगों के बीच में जाएंगे। यह चर्चा सोमवार को मलदहिया स्थित आप कार्यालय पर कार्यकर्ताओं के बीच हो रही थी। अरविंद केजरीवाल की मंगलवार को होने वाली ‘जनसमर्थन रैली’ में कौन कितने लोगों को लेकर पहुंचेगा यह चर्चा भी हुई। अरविंद केजरीवाल के आने और उनसे मिलने को लेकर हर कार्यकर्ता उत्साहित दिखा। आप कार्यालय में चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों को एक कागज पर लिखकर चस्पा किया गया है। सभी कार्यकर्ताओं को हिदायत हैं कि वह किसी भी हालत में चुनाव आयोग के निर्देशों का उल्लंघन न करें। दोपहर में हर कार्यकर्ता के लिए खाने की भी व्यवस्था है। शहर में प्रचार के दौरान ही कार्यकर्ता कार्यालय में आकर लंच करते रहते हैं। शनिवार की दोपहर कार्यालय प्रभारी मोहसिना कार्यालय में मौजूद थीं। उन्होंने बताया कि दिल्ली से करीब पांच सौ लोग शहर में आ चुके हैं। इसमें छात्र, व्यापारी समेत अन्य वर्गों के लोग भी हैं। मंगलवार की सुबह अरविंद के साथ भी कुछ लोग आएंगे। कानपुर से करीब दो सौ लोग पहुंच गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें