वाराणसी। सीबीएसई की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं शनिवार से शुरू हो रही हैं। जिले में बने 19 केंद्रों पर कुल 14 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे। पहले दिन हाईस्कूल की भाषा और इंटर की अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी।
विद्यालयों में शुक्रवार को दिन भर परीक्षा की तैयारी चलती रही। सिटी कोआर्डिनेटर वीके मिश्रा ने बताया कि सुबह 10.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक होने वाली परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। सकुशल और नकल विहीन परीक्षा के लिए दस उड़ाका दलों की टीम गठित की गई है। इसमें प्रधानाचार्य अपने स्तर से टीम में शिक्षकों को रख सकेंगे। परीक्षार्थियों को 15 मिनट पहले ही पेपर दे दिया जाएगा।