वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग और सेंटर फॉर मीडिया रिसर्च के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को मानविकी संकाय के थिएटर कक्ष में पं. ईश्वर देव मिश्र समाचार लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें छात्रों को डमी प्रेस विज्ञप्ति और प्रेस कांफ्रेंस के जरिए खबर लिखने की जानकारी दी गई। प्रतियोगिता के संयोजक प्रो. अनिल कुमार उपाध्याय ने कहा कि पं. ईश्वर देव मिश्र भाषाई पत्रकारिता के शीर्षस्थ स्तंभ रहे। वे पत्रकारिता को आमजन की पीड़ा के संदर्भ में देखते थे। साथ ही पूर्वांचल के पत्रकारों के लिए सदैव संघर्षरत भी रहे। सेंटर फॉर मीडिया रिसर्च के निदेशक संजय मिश्र ने प्रतियोगिता के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। प्रतियोगिता में 180 प्रतिभागियों ने खबर लिखी। संचालन डा. प्रभाशंकर मिश्र एवं धन्यवाद ज्ञापन डा. मनोहर लाल किया। इस मौके पर डा. रूद्रानंद तिवारी, डा, राहुल सिंह, प्रमोद, प्रदीप मौजूद थे।