वाराणसी। अखिल भारतीय वैश्य महिला महासंगठन की सदस्याओं ने नए वर्ष की खुशियां बेटियों को साइकिल और स्वेटर बांट कर मनाई। ‘स्माइल मुनिया’ कार्यक्रम के तहत शनिवार को पांच बेटियों को साइकिल बांटी गई, ताकि वो सफलता की रेस में आगे बढ़ें। ये साइकिल उन बेटियों को दिया जिनकी आंखों में सपने हैं, कुछ करने का जज्बा है। विषम परिस्थितियों में भी उन्होंने शिक्षा का दामन नहीं छोड़ा है। ऐसे में उन होनहार बेटियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हेें स्कूल जाने के लिए साइकिल बांटी गई। इसके इतर करीब 15 गरीब लड़कियों को ठिठुरती ठंड से निजात दिलाने के उद्देश्य से स्वेटर बांटा गया।
संस्था की अध्यक्ष अंजलि अग्रवाल ने पांच बच्चियों को साइकिल देते हुए कहा कि लड़कियों के लिए अब कुछ भी मुमकिन नहीं। इन बेटियों में नई संभावनाएं हैं। ये बेटियां अपनी जिम्मेदारी और हक जानती है और इसी के बूते वो अपने हिस्से के आसमां को अपने नाम करेंगी। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एसपी सिटी की पत्नी अर्चना राज ने भी बच्चियों का उत्साहवर्धन किया। कहा कि बेटियां ही देश का उज्ज्वल भविष्य हैं। इस अवसर पर सुशीला जायसवाल, जयंती, शीला, रेखा आदि मौजूद रहीं।