वाराणसी/लखनऊ। परिवहन निगम ने वॉल्वो बसों के संचालन के लिए वाराणसी समेत चार महानगरों में वॉल्वो हब बनाएगा। अधिकारी सूत्रों का कहना है कि यह हब वाराणसी, लखनऊ, मुरादाबाद एवं दिल्ली में बनाएं जाएंगे। यानी इन केंद्रों से विभिन्न रूट के लिए यात्रियों को वॉल्वो बस की सुविधा मिल सकेगी। वर्तमान में लखनऊ के आलमबाग बस अड्डे से वाराणसी, इलाहाबाद, आजमगढ़, दिल्ली, जयपुर एवं देहरादून के लिए वॉल्वो बसों का संचालन हो रहा है। कैंट डिपो के एआरएम एसके राय ने बताया कि वाराणसी से कानपुर, सोनौली, शक्तिनगर और गोरखपुर के लिए दो-दो वॉल्वो बसें चलाने के लिए मुख्यालय को रिपोर्ट भेजी गई है।
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम दीपावली पर जनता को 60 नई वॉल्वो को तोहफा देने जा रहा है। वॉल्वो के संचालन से जनता का सफर तो सुहाना होगा लेकिन किराये के नाम पर उनकी जेब जरूर कटेगी। तीन ट्रांसपोर्ट कंपनियां वॉल्वो के संचालन के लिए आगे आई हैं, जिन्हें निगम की क्रय समिति ने हरी झंडी दे दी है। माना जा रहा है कि जल्द ही ट्रांसपोर्ट कंपनियों और निगम के बीच सेवा शर्त को लेकर अनुबंध हो जाएगा। निगम के प्रबंध निदेशक पार्थ सारथी सेन शर्मा के कार्यकाल में निकले टेंडर के वॉल्वो संचालन रेट को मोशन लॉजिस्टिक लखनऊ, कॉन कोड लॉजिस्टिक एवं जेट ट्रांसपोर्ट कंपनी चंडीगढ़ ने माना है। इन कंपनियों ने निगम के तय रेट के आधार पर 60 वॉल्वो का संचालित करने की रजामंदी दी है। निगम की क्रय समिति ने इन ट्रांसपोर्ट कंपनियों के संचालन रेट को अनुमोदित कर दिया है। अनुबंध के बाद ट्रांसपोर्ट कंपनियां शर्त के अनुसार निगम को चरणबद्घ तरीके से वॉल्वो बसें मुहैया कराने का सिलसिला शुरू कर देंगी। उम्मीद है कि इनका संचालन दीपावली पर शुरू हो जाएगा। इस संबंध में निगम के मुख्य प्रधान प्रबंधक (संचालन) राजेश वर्मा ने बताया कि नई वॉल्वो को अनुबंध के आधार पर निगम बेड़े से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है।