वाराणसी। विकास प्राधिकरण प्रशासन ने सिकरौल वार्ड के तहत आने वाले नौ नर्सिगिं होम संचालकों को बुधवार को भवनों के अभिलेखों के साथ कार्यालय बुलवा लिया है। संबंधित भवन स्वामियों को तीन दिन पहले प्राधिकरण के अभियंताओं ने नोटिस सौंपकर नर्सिगिं होम का नक्शा प्रस्तावित करने के लिए कहा था। उसी कड़ी में प्राधिकरण ने अभियंताओं ने सिकरौल वार्ड के नौ नर्सिगिं होमों की फिर से पैमाइश कराई।
विकास प्राधिकरण ने आवासीय नक्शा पास कराकर नर्सिगिं होम संचालित करने वाले सिकरौल वार्ड के 28 भवन स्वामियों को नोटिस जारी किया था। संबंधित भवनों की पैमाइश कर पूरा विवरण तैयार करने के लिए प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे जिलाधिकारी प्रांजल यादव ने तीन सहायक अभियंताओं के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों का गठन कर रिपोर्ट मांगी थी। अभियंताओं ने सोमवार को रिपोर्ट भी दी थी। इस पर जिलाधिकारी ने अभियंताओं को संबंधित नर्सिगिं होमों की फिर से पैमाइश कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने की हिदायत दी थी। प्राधिकरण के संयुक्त सचिव सतीश मिश्र ने बताया कि अभियंताओं की टीम ने मंगलवार को नौ नर्सिगिं होमों की फिर से पैमाइश कराई। संबंधित नर्सिगिं होम संचालकों को बुधवार को अभिलेखों के साथ कार्यालय बुलाया गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से 282 पंजीकृत नर्सिगिं होमों की सूची प्राप्त हुई है। इसमें से 28 सिकरौल वार्ड में हैं।