वाराणसी। 30 हजार रुपये में आप तीन दिनों तक दुबई की सैर का लुत्फ उठा सकते हैं। वहां की नाइट लाइफ और डेजर्ट सफारी वाराणसी के युवाओं को खूब लुभा रही है। बड़ी संख्या में मल्टीनेशनल कंपनियों में काम करने वाले युवा, चिकित्सक और रियल इस्टेट कारोबार से जुड़े लोग सप्ताहांत की छुट्टियों में दुबई का रुख कर लेते हैं। इसकी वजह है लो फेयर स्कीम और बाबतपुर से शारजाह के लिए शुरू हुई सीधी उड़ान सेवा। यही कारण है कि पिछले साल के मुकाबले इस साल दुबई जाने वाले सैलानियों की संख्या में लगभग 20 फीसदी वृद्धि हुई है।
एयर टिकटिंग कारोबार से जुड़े अजय सिंह के मुताबिक दुबई का पैकेज सस्ता होने, वीजा आसानी से मिलने और वाराणसी से सीधी उड़ान की सुविधा होने की वजह से दुबई युवा सैलानियों की पहली पसंद बन गया है। पिछले महीने यहां से कई ग्रुप दुबई गए थे। आने वाली छुट्टियों के लिए भी दुबई के टिकट बुक कराए गए हैं। टूर कंसल्टेंट सुधांशु सक्सेना का कहना है कि सस्ता पैकेज होने की वजह से दुबई मध्य आय वर्ग के सैलानियों को ज्यादा आकर्षित कर रहा है। दुबई का तीन रात और चार दिन का टूर पैकेज 30 हजार रुपये का है। इसमें हवाई जहाज का किराया, एयरपोर्ट तक लाने, होटल छोड़ने के अलावा साइट सीइंग भी शामिल है। वीजा शुल्क (पांच हजार रुपये) पैकेज से अलग है। उन्होंने बताया कि बाबतपुर से स्पाइस जेट का विमान रात 9.50 बजे शारजाह के लिए उड़ान भरता है। यह विमान शारजाह के समय के अनुसार रात एक बजे वहां पहुंचता है। यहां से दुबई शहर की दूरी सिर्फ 18 किलोमीटर है। ज्यादातर सैलानी सीधे दुबई न जाकर शारजाह से वहां जाना पसंद करते हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह है लो फेयर स्कीम।