वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 अप्रैल को रोड शो और गंगा आरती के बाद काशी के प्रबुद्धजनों के साथ डिनर पर संवाद करेंगे। इससे पहले 22 अप्रैल को उनके चुनाव कार्यालय का उदघाटन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह करेंगे। इस दौरान वे पिछली बैठक और नामांकन की तैयारियों की समीक्षा भी करेंगे। उधर, मतदान के लिए प्रेरित करने वालों चार हजार कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की जा रही है।
पीएम मोदी का चुनाव कार्यालय इस बार महमूरगंज में तैयार किया जा रहा है। 22 अप्रैल को इसके विधिवत उद्घाटन के बाद कार्यालय में ही वार रूम स्थापित किया जाएगा। इसमें पार्टी के प्रमुख रणनीतिकारों की बैठक होगी। सूत्रों की मानें तो चुनाव कार्यालय के वार रूम में पहली बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ही करेंगे। इसमें नामांकन की तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा के बाद उसे एतिहासिक बनाने की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। पिछली बैठक में अमित शाह ने मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए हर वार्ड में टीम गठित करने का निर्देश दिया था। इसी क्रम में चार हजार कार्यकर्ताओं की सूची तैयार की गई है। भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव ने काशी में विभिन्न वार्डों का दौरा कर पीएम नरेंद्र मोदी रोड शो व नामांकन के लिए लोगों को आमंत्रित किया।