वाराणसी। बीएचयू परिसर में शुक्रवार को विश्वविद्यालय प्रशासन की बड़ी लापरवाही सामने आई। यहां बिरला चौराहे के पास रात में किसी ने बीच सड़क बल्लियां फें क दी। जिससे आवागमन प्रभावित रहा। इस वजह से नरिया गेट से बीएचयू अस्पताल की ओर जाने वाले मरीजों के साथ ही छात्र-छात्राओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसकी जानकारी जब छात्रों को हुई तो उन्होंने दोपहर में कुलसचिव को इसकी जानकारी दी, तब जाकर शाम तीन बजे किसी तरह बल्लियों को हटवाया गया।
विश्वविद्यालय में बसंत पंचमी के दिन परिसर में निकलने वाली झांकी के लिए बिरला चौराहे के पास से मालवीय भवन होते हुए केएन उडप्पा सभागार तक सड़क के दोनों किनारे पर बैरिकेडिंग कराई गई थी। दस फरवरी को कार्यक्रम बीतने के बाद भी बैरिकेडिंग हटवाई नहीं गई। इस बीच बिरला चौराहे के पास बैरिकेडिंग को हटाकर किसी ने उसमें लगी करीब 100 बल्लियों को बीच सड़क फेंक दिया। सुबह इधर से गुजरने वाले लोगों ने बीच सड़क बल्ली पड़ा देखा तो कुछ समझ नहीं पाए। एलडी गेस्ट हाउस चौराहे पर खड़े सुरक्षा कर्मियों से इस बारे में पूछा तो कोई जानकारी नहीं मिल सकी। दोपहर में बिरला छात्रावास के एक छात्र ने इसकी जानकारी कुलसचिव को दी तब जाकर बल्ली हटा।