वाराणसी। आधार कार्ड की सुरक्षा पर लग रहे तमाम प्रश्नचिन्हों के बीच राहत भरी खबर है। अब आप अपने आधार की बायोमैट्रिक जानकारी को सरकारी आधार वाली वेबसाइट से लॉक कर सकते हैं। कोई भी एजेंसी या संस्थान आपके आधार से संबंधित किसी भी तरह की जानकारी प्राप्त नहीं कर सकता है। यह जानकारी सोमवार को द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया, नई दिल्ली की वाराणसी शाखा की ओर से आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन ‘ज्ञान कुंभ’ के अंतिम दिन साइबर सुरक्षा मामले के विशेषज्ञ सचिन ढेढिया ने दी।
बीएचयू के शताब्दी भवन में चल रहे कार्यक्रम के दौरान चार्टर्ड एकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया के सेंट्रल काउंसिल सदस्य प्रमोद बूब ने बताया कि बजट में टैक्स स्लैब बढ़ाने के साथ ही हुई अन्य घोषणाओं से समाज के हर वर्ग को राहत मिली है। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकाउंटेंट्स वाराणसी शाखा के अध्यक्ष शिशिर उपाध्याय ने सभी का स्वागत किया।
प्रथम तकनीकी सत्र की अध्यक्षता सीए ब्रजेश जायसवाल ने की। द्वितीय तकनीकी सत्र की अध्यक्षता सीए मुकुल कुमार शाह ने की। तृतीय सत्र की अध्यक्षता सीए शिशिर वाजपेई ने की। मुख्य वक्ता दिल्ली से आए सीए कपिल गोयल रहे। इस दौरान जय प्राध्वानी, रवि कुमार सिंह, अरुण कुमार गुप्ता, सुरेंद्र कुमार द्विवेदी, अतुल सेठ, अतुल चौधरी, अतुल मेहरोत्रा, सतीश चंद्र जैन, रंजीत पांडेय आदि मौजूद रहे।