वाराणसी। दुराचार के आरोप में गिरफ्तार भदोही के भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मिश्रा को बुधवार को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। उधर, पीडि़ता का कलमबंद बयान दर्ज कराने के साथ ही पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है। सत्संग लॉज और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस ने कब्जे में ली है। सिगरा पुलिस के अनुसार पीडि़ता की मेडिकल रिपोर्ट गुरुवार को मिलेगी।
भदोही जिले के ज्ञानपुर थाना अंतर्गत झिंगुरपुर निवासी भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल मिश्रा को मंगलवार की दोपहर इंग्लिशिया लाइन स्थित सत्संग लाज से पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आरोप है कि कन्हैयालाल ने कोलकाता निवासी एक विवाहिता को नौकरी दिलाने का झांसा देकर बुलाया था। इस दौरान कन्हैयालाल ने विवाहिता के साथ लॉज के कमरा नंबर 61 में दुराचार किया। पीडि़ता के शोर पर बगल के कमरे में ठहरे शख्स और लॉज स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी और मौके से ही कन्हैयालाल को गिरफ्तार कर लिया गया। इस बारे में सीओ चेतगंज सत्येंद्र तिवारी ने बताया कि सिगरा पुलिस की तफ्तीश जारी है। पीडि़ता के बयान और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।