वाराणसी। बीएचयू में बीएससी मैथ, बीएफए, एमपीएड में दाखिले के लिए रविवार को प्रवेश परीक्षा कराई जाएगी। तीनों पाठ्यक्रम के लिए करीब 73 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसमें बनारस समेत 14 शहरों में सबसे अधिक 67 हजार बीएससी के हैं जबकि बाकी दोनों को मिलाकर करीब छह हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
विश्वविद्यालय में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षाएं 15 अप्रैल से शुरू हो गई थी। इसी क्रम में रविवार को बीएससी मैथ, बीएफए और एमपीएड की प्रवेश परीक्षा होनी है। इसको लेकर शनिवार को परीक्षा नियंता मनोज पांडेय के निर्देशन में दिन भर परीक्षा विभाग के कर्मचारी तैयारी में लगे रहे। दूर दराज से आने वाले अभ्यर्थियों को असुविधा न हो इसको लेकर मुख्य द्वार से लेकर परिसर में दो-तीन जगहों पर टेंट लगाकर कुर्सियां भी लगवाई गई हैं। परीक्षा नियंता ने बताया कि बीएससी मैथ के लिए बनारस में 50 सेंटर बनाए गए हैं, जिसमें 34 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। बाकी चेन्नई, हैदराबाद, बड़ोदरा समेत 14 अन्य शहरों में बने केंद्रों पर अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। तीन चरणों में होने वाली परीक्षा के पहले चरण में सुबह आठ से साढ़े दस तक बीएससी, शाम चार से पांच बीएफए और चार से छह बजे तक एमपीएड की परीक्षा होगी।