भदोही। मर्यादपट्टी में रविवार को गाजी मियां के अस्ताने पर चार दिवसीय मेला धूमधाम से शुरू हो गया। सुबह से लेकर देर रात तक दरगाह शरीफ पर जियारत करने वालों का तांता लगा रहा। लोगों ने सैयद सालार मसऊद गाजी रह.अलैह के दरगाह पर अपने और मुल्क में अमन चैन व तरक्की की दुआ मांगी। संपूर्ण मेला क्षेत्र और दरगाह में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। दरगाह के अंदर भीड़ को संभालने के लिए पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी।
सुबह से ही मेला क्षेत्र और दरगाह महिला-पुरुष श्रद्धालुओं से पट गया था। पुरुषों के मुकाबले महिलाओं और बच्चों की भीड़ कहीं अधिक रही। मेलार्थियों को व्यवस्थित करने के लिए पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी। जियारत कराने के लिए महिला-पुरुषों की अलग अलग लाइन लगावाया गया। भीषण गर्मी के चलते दिन में 10 बजे से सायं 4 बजे तक भीड़ सामान्य रही और रात होते होते फिर से भीड़ बढ़ गई। मेले में सौंदर्य प्रसाधन, मिट्टी के बर्तन, चुनार के बिस्किट की खूब खरीदारी हुई। खिलौनो के प्रति बच्चे आकर्षित रहे। सुरक्षा व्यवस्था में जहां मेला क्षेत्र में जगह जगह पुलिस तैनात थी वहीं जायरीनों के सुविधा के लिए नगर पालिका द्वारा कैंप लगाया गया था। इसके अलावा सीसी कैमरों से भी मेला क्षेत्र की निगहबानी की गई। मेले के मद्देनजर मेन रोड, स्टेशन रोड पर विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा जगह जगह दर्जनों कैंप लगाकर श्रद्धालुओं को शीतल जल और शरबत पिलाया गया।