वाराणसी। पिछले दिनों शीतलहर और कड़ाके की ठंड से परेशान आमजन को दो दिन से कुछ राहत मिली है। सोमवार को भी दिन में तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होने से गलन में कमी आई। हालांकि शाम होते ही गलन और ठंड ने फिर से अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। लेकिन तीन दिन बाद फिर से शीतलहर अपना असर दिखाएगी।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय के अनुसार अभी ठंड और गलन से दिन में राहत मिलेगी लेकिन कोहरा छाया रहेगा। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर मेें मंगलवार को पश्चिमी विक्षोभ पहुंच रहा है। इसका असर वाराणसी सहित पूर्वांचल के सभी जिलों में तीन दिन बाद पहुंचने की संभावना है। इससे शीतलहर और ठंड बढ़ने का अनुमान है।