वाराणसी। पहडि़या मंडी में मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चला। इस दौरान आधा दर्जन से ज्यादा अवैध निर्माण को बुलडोजर ने जमींदोज कर दिया। साथ ही उन्हें दोबारा निर्माण न करने की चेतावनी दी गई।
कृषि मंडी निदेशक धीरज कुमार ने सोमवार को पहडि़या मंडी सहित पूर्वांचल की अन्य मंडियों की सफाई व्यवस्था के लिए जिम्मेदार अधिकारियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग की थी। उन्होंने सफाई पर असंतोष जताते हुए नाराजगी जताई थी। इसके बाद उप निदेशक प्रशासन विपणन डॉ. हिमांशु शेखर त्रिपाठी ने मंगलवार को मंडी परिसर में आधा दर्जन से ज्यादा अवैध निर्माण तोड़े गए। इसके अलावा 30 साल से परिसर के अंदर डंप हो रहे कूड़े को तीन दिन में साफ कराने के निर्देश दिए। मंडी निरीक्षक रामनाथ को इसका जिम्मा दिया गया। साथ ही मंडी सचिव को प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।
उप निदेशक प्रशासन ने कहा कि अगर तीन दिन में सफाई व्यवस्था दुरुस्त नही होती है तो दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि 20 दिसंबर तक सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कर देना है। अतिक्रमण के हटाओ अभियान के दौरान डीडीसी निर्माण आरके वर्मा भी मौजूद रहे।