वाराणसी। टीवी अदाकारा सारा खान ने गुरुवार को शहर में रोड शो कर सपा की मेयर प्रत्याशी साधना गुप्ता के लिए वोट मांगे। नगर निगम से शुरू हुआ रोड शो विभिन्न मार्गों से होते हुए मौलवी बाग पहुंचकर खत्म हुआ। खुली जीप पर सारा के साथ साधना गुप्ता मौजूद थीं। सारा ने कहा कि साधना के चुनाव जीतने के बाद वह फिर शहर में आएंगी। इस दौरान उन्होंने पूर्ववर्ती सपा सरकार की जमकर तारीफ की।
सारा खान का रोड शो दिन में करीब ग्यारह बजे नगर निगम से शुरू हुआ। वह महापौर प्रत्याशी साधना गुप्ता समेत चार महिलाओं के साथ खुली जीप पर सवार थीं। रथयात्रा, गुरुबाग, कमच्छा, भेलूपुर, दुर्गाकुंड, लंका, अस्सी, शिवाला, सोनारपुरा, गोदौलिया, नई सड़क, बेनियाबाग, लहुराबीर, मलदहिया, सिगरा होते हुए मौलवी बाग स्थित केंद्रीय कार्यालय पहुंचकर रोड शो समाप्त हुआ। पहले यह रोड शो पीलीकोठी तक जाना था लेकिन समय कम होने की वजह से रूट बदलना पड़ा। सारा खान ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कार्यकाल में जितना काम हुआ, उतना काम कि सी भी प्रदेश की सरकार ने नहीं किया है। नगर निगम में पिछले 22 सालों में कोई काम नहीं हुआ है। कहा कि साधना गुप्ता के मेयर बनने के बाद शहर के विकास में तेजी आएगी। रोड शो में पूर्व मंत्री सुरेंद्र पटेल, डा. केपी यादव, जिलाध्यक्ष डा. पीयूष यादव, महानगर अध्यक्ष राजकुमार जायसवाल, मनोज राय धूपचंडी, संजय गुप्ता, ओपी सिंह, जितेंद्र यादव, आनंद मोहन यादव, उमाशंकर यादव, प्रदीप जायसवाल, मिनाक्षी व्यास, शीला चतुर्वेदी, प्रियांशु यादव, आयुषी, प्रिया अग्रवाल आदि शामिल थे।