वाराणसी। महामना की बगिया में मंगलवार को शिक्षक दिवस पर गुरुजनों का सम्मान हो रहा था, ठीक उसी समय कैंपस के ही एक अधिकारी की फेसबुक वॉल पर एक पोस्ट ने हंगामा मचा दिया। सहायक कुलसचिव (सफाई एवं सहायक सेवाएं) मोतीचंद की फेसबुक वॉल पर ‘टीचर्स ब्रांड ह्विस्की’ के साथ शिक्षक दिवस की बधाई का पोस्ट वायरल होते ही शिक्षा जगत से जुड़े लोग एकबारगी हैरान रह गए। पोस्ट के विरोध में सोशल मीडिया पर कड़ी प्रतिक्रियाएं आईं। बनारस, इलाहाबाद, गोरखपुर समेत कई अन्य स्थानों से आई टिप्पणियों में इसे शिक्षक दिवस की गरिमा के विपरीत बताते हुए नाराजगी जाहिर की गई। जबरदस्त विरोध के बीच मामला कुलपति प्रो. जीसी त्रिपाठी तक पहुंचने के बाद आखिरकार छह घंटे बाद पोस्ट हटा ली गई।
दरअसल, सुबह करीब नौ बजे सहायक कुलसचिव मोतीचंद की फेसबुक वॉल पर ‘टीचर्स ब्रांड ह्विस्की’ के साथ शिक्षक दिवस की बधाई का पोस्ट डाला गया। कुछ ही देर में वायरल हुआ यह पोस्ट हजारों लोगों के पास पहुंच गया और फिर इस पर जबरदस्त प्रतिक्रियाएं सामने आईं। खासकर शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने शिक्षक दिवस के मौके पर इस तरह के पोस्ट को मर्यादा के विपरीत बताया। बीएचयू के भी शिक्षकों, अधिकारियों तक यह पोस्ट पहुंचा तो उन्हें हैरानी हुई। कुलपति प्रो. जीसी त्रिपाठी ने मामले का संज्ञान लेते हुए कुलसचिव डॉ. नीरज त्रिपाठी को सहायक कुलसचिव से जवाब तलब करने का निर्देश दिया। उसके बाद पोस्ट शाम करीब तीन बजे हटा ली गई। सहायक कुलसचिव का कहना है कि उनके पोस्ट को जानबूझकर तूल दिया गया। केवल मनोरंजन के लिहाज से ये पोस्ट डाला था। कहा कि यह विश्वविद्यालय की आधिकारिक फेसबुक वॉल नहीं बल्कि निजी वॉल है, इस पर लिखना या कोई तस्वीर डालना मुझे नहीं लगता कि गलत है।