वाराणसी। बनारस संग विभिन्न छोटे शहरों के युवक-युवतियों ने मॉडलिंग, डांसिंग और सिंगिंन की दुनिया में कॅरियर बनाने की ओर अपना पहला कदम बढ़ाया। लक्ष्य एंटरटेंमेंट की ओर से रविवार को आयोजित काशी गॉट टैलेंट के पहले सीजन के ऑडिशन में प्रतिभागियों ने मॉडलिंग के साथ ही नृत्य और गायन में अपना जलवा दिखाया।
डीजे पर बजते धमाकेदार गीत, रंग-बिरंगी डिस्को लाइटों के बीच महमूरगंज स्थित रेस्टोरेंट में स्टार ऑफ काशी के ऑडिशन में सुंदरियों ने रैंप पर अपनी हर अदा से लोगों को आकर्षित किया। इसी तरह नृत्य में भी युवाओं ने निर्णायकों का दिल जीतने की भरपूर कोशिश की। ऑडिशन में कुल 150 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें 120 प्रतिभागियों का चयन दूसरे चरण के लिए किया गया। दूसरा चरण 21 अप्रैल को होगा।
इस कार्यक्रम में अमर उजाला मीडिया पार्टनर रहा। ऑडिशन में जहां श्रद्धा तिवारी ने ‘छूटे या न छूटे मोसे रंग तेरा ढोलना...’ पर कथक पेश किया तो वहीं ‘अंख लड़ जावे... पर फ्रीस्टाइल डांस कर खूब तालियां बटोरीं। श्रेया गुप्ता ने ‘बम डिग्गी बम बम... ’ पर बॉलीवुड और फ्रीस्टाइल की बेहतरीन जुगलबंदी पेश की। इसी तरह चंचल अग्रहरि और विक्रांत ने अपने लॉकिंग पॉपिंग से लोगों को मंत्रमुग्ध किया। ऑडिशन के अंत में निर्णायकों में शामिल सौम्या वर्मा ने ‘दुखते हैं दिल के घाव, दिल उदास है...’ गजल पेश की। अंकिता मिश्रा ने विजय कपूर की कजरी ‘बरसन लागी बदरिया...’ से जवा दिलों में मानों नेह की बारिश ही करा दी। नेहा चटर्जी ने ‘तुम्हें दिल लगी भूल जानी पड़ेगी...’ प्रस्तुत किया। निर्णायकों की भूमिका में मिसेज इंडिया ईस्ट प्रज्ञा पांडेय, भरतनाट्यम डांसर प्रीति गुप्ता, भोजपुरी एक्शन हीरो सत्येंद्र सिंह, बॉलीवुड डांसर चांदनी चावला, ओड़िसी नृत्यांगना श्वेता मुखर्जी, रूबी राय, नेहा चटर्जी, अंकिता मिश्रा, सौम्या वर्मा, शामिल रहे। आयोजन लक्ष्य एंटरटेंमेंट की ओर से अर्पिता सिंह का रहा। संयोजन गौरव श्रीवास्तव का रहा। इस अवसर पर स्पांसर निलेश भुवालका, डीएन सिंह, इरफान अली, अशरफ, ब्रिजेश कुमार, सुभाषि चटर्जी, अग्रसेन कन्या पीजी कालेज के प्रबंधक अनिल जैन आदि मौजूद रहे।