रोहनिया/पिंडरा। मंडुवाडीह, रोहनिया और फूलपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को सड़क हादसों में एक बुजुर्ग सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। सूचना पाकर पुलिस ने घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया और तीनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
मंडुवाडीह थाना अंतर्गत चांदपुर चौराहे के समीप मालवाहक वाहन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस शव की शिनाख्त नहीं करा सकी। पुलिस के अनुसार अधेड़ की उम्र लगभग 50 वर्ष है। अधेड़ ने चेकदार शर्ट और हाफ पैंट पहन रखा है। उधर, रोहनिया थाना अंतर्गत में डंपर के अचानक ब्रेक लगाने पर पीछे चल रहा ऑटो जा टकराया। हादसे में ऑटो चालक महगांव निवासी राम सिंह पटेल (30), गंगापुर का मेराज (32), कन्हैया (27) व विशाल (16) और मऊ जिले के सरायलखंसी थाना के कैनोर निवासी रामअवतार पांडेय (70) घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल भेजवाया लेकिन रामअवतार पांडेय की रास्ते में ही मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंचे परिजनों ने बताया कि बिजली विभाग से सेवानिवृत्त रामअवतार पांडेय बीएचयू अस्पताल में उपचार के लिए मिर्जामुराद क्षेत्र के गौर स्थित बेटी के ससुराल आए थे। घर जाने के लिए कैंट रेलवे स्टेशन जा रहे थे लेकिन इसी बीच हादसे में उनकी मौत हो गई।
वहीं, बड़ागांव थाना क्षेत्र के प्रसादपुर गांव के राम लाल माली के लड़के तूफानी की बारात बदलापुर जौनपुर गई थी। जंसा थाना के खेवली पांडेयपुर निवासी अमरनाथ बिंद (55) अपने दो साथियों के साथ एक बाइक से बारात से वापस लौट रहा था। बाबतपुर एयरपोर्ट के समीप मंगारी मोड़ पर किसी वाहन की टक्कर से अमरनाथ की मौके पर ही मौत हो गई और बाइक सवार दो अन्य चितईपुर निवासी संतोष (27) व लालबहादुर (48) गंभीर रूप से घायल हो गए। संतोष और लालबहादुर को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। सूचना पाकर पहुंचे परिजनों ने बताया कि एक बेटे और चार बेटियों का पिता अमरनाथ बाबतपुर एलपीजी गैस प्लांट में माली का काम करता था।