वाराणसी। जिला जेल में निरुद्ध झुन्ना पंडित के गिरोह के सदस्य चोलापुर थाना के बनवारीपुर के संजय पटेल को कैंट पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर जेल भेजा। संजय के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं।
जमीन विवाद की रंजिश में लमही निवासी राजबली पटेल पर बीते साल अक्तूबर महीने में फायरिंग कर हत्या का प्रयास किया गया था। प्रकरण में झुन्ना पंडित और संजय की पुलिस तलाश कर रही थी। झुन्ना बीते दिनों अदालत में समर्पण कर जेल चला गया था। इंस्पेक्टर कैंट विजय बहादुर सिंह ने बताया कि काली माता मंदिर चौराहे के समीप संजय के मौजूद होने की जानकारी मिली तो दरोगा संजय यादव, धर्मदेव चौहान और रामानंद यादव के साथ उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्त में आए संजय से उसके गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी अहम जानकारियां हाथ लगी हैं और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।