वाराणसी। 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रवासी भारतीयों के साथ लंच करेंगे। इसके लिए बड़ा लालपुर स्टेडियम में फूड एरिया तैयार किया जा रहा है। यहां हेक्सागोनल डाइनिंग टेबल बनाई जा रही है। सोमवार को जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बड़ा लालपुर स्टेडियम और हस्तकला संकुल का निरीक्षण किया और बारिश की संभावना को देखते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
डीएम ने आयोजन स्थल और आसपास ड्रेनेज की व्यवस्था ठीक करने, प्रदर्शनी वाले मार्ग पर फसाड लाइट, ऐढ़े टेंट सिटी के आसपास डीपीआरओ को सफाई अभियान चलाने का निर्देश दिया। टीएफसी के पीछे की रोड पर दोनों ओर मिट्टी को समतल कर इंटर लाकिंग करने, स्पीड ब्रेकर हटाने और गार्डन की सफाई के लिए सीपीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को कहा। टीएफसी मोड़ पर लगे बीएसएनएल के बाक्स हटाने, हाईवे के नीचे अंडरपास के कच्चे मार्ग पर इंटर लाकिंग, टीएफसी के मेन गेट का सौंदर्यीकरण कराने, जनता के प्रवेश मार्ग के दोनों ओर इंटर लाकिंग ठीक कराने के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों से कहा। प्रदर्शनी देखने वालों के लिए स्टेडियम व टीएफसी की बाउंड्री वाल तोड़कर अस्थाई गेट बनाने, मैदान की खाली जगहों से ईंट पत्थर हटाने और समतलीकरण के साथ ही टीएफसी के बेसमेंट को पार्किंग के लिए सुरक्षित रखने का निर्देश दिया। हैंडर का निर्माण 17 जनवरी तक पूरा करने को भी कहा।