वाराणसी। आगामी 25 से 27 नवंबर तक काशी के सीरगोबर्धन गांव में धर्म संसद का आयोजन होगा है। इस ऐतिहासिक सनातन वैदिक हिंदू परम धर्म संसद के अस्थायी भवन निर्माण का कार्य सोमवार को प्रारंभ हुआ। इसका शुभारंभ धर्म संसद के संयोजक स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने किया।
आचार्य पं. वीरेश्वर दातार के आचार्यत्व में पं. जयंतुजय शास्त्री ने सपत्नीक भूमि पूजन किया। इस दौरान पं. बालेंदु नाथ मिश्र, पं. अमित दीक्षित और पं. दीपेश शास्त्री ने चारों वेद का सस्वर पाठ किया। इस अवसर पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि वर्तमान समय में सनातन धर्म संक्रमण के काल से गुजर रहा है। सनातनी परंपराओं व मूल्यों पर अनवरत प्रहार किया जा रहा है और धर्म की रक्षा का दायित्व सर्वप्रथम संतों का है। संत समुदाय ही धर्म की रक्षा व सनातनी जनता का मार्गदर्शन कर सकता है। यह धर्म संसद ऐतिहासिक होगी, यह सनातनधर्म के उत्थान में मील का पत्थर साबित होगी। भूमि पूजन के पश्चात आयोजित धर्म सभा को आचार्य पं. वशिष्ठ त्रिपाठी, रमाकांत पांडेय, रामकिशोर त्रिपाठी, शेष नारायण द्विवेदी और डॉ. श्रीप्रकाश मिश्र ने भी संबोधित किया। इस दौरान प्रमुख रूप से केएन राय, सदानंद तिवारी, ग्रामप्रधान कुसुमलता यादव, धर्मसंसद के प्रेस मंत्री संजय पांडेय, सुनील शुक्ला, हरिनाथ दुबे, सुनील उपाध्याय सहित कई लोग उपस्थित रहे।