रोहनिया। शहावाबाद में सड़क पर खड़े ट्रक के पीछे मंगलवार को एक तेज रफ्तार बाइक जा घुसी। घायल बाइक सवार दंपति और बच्चे को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। उपचार के दौरान बच्चे की मौत हो गई। सूचना पाकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मुड़ैला क्षेत्र की कंचन बिहार कॉलोनी निवासी बलिराम पांडेय (35) बाइक से पत्नी प्रीति (31) और छोटे बेटे शनि (7) के साथ दर्शन-पूजन के लिए भवानीपुर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शहावाबाद में सड़क किनारे ट्रक के पीछे बाइक लेकर बलिराम जा घुसे। हादसे में पिता-पुत्र को गंभीर चोट आई और पत्नी को हल्की चोट आई। परिजनों के अनुसार शनि कक्षा एक का छात्र था और दो भाइयों में छोटा था। उधर, शहावाबाद के स्थानीय लोगों का कहना था कि जगतपुर से शहावाबाद के बीच कई कंपनियों का गोदाम है। इसके चलते मालवाहक चौबीसों घंटे सड़क किनारे खड़े रहते हैं और आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं।