बड़ागांव। कूड़ी बाजार में गुरुवार की रात पुलिस की जीप पर कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। इससे गुस्साए पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों की पिटाई कर दी। इसे लेकर गुस्साए ग्रामीणों ने बाबतपुर-कपसेठी मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना पाकर प्रधान पति चंदगी यादव ने ग्रामीणों को समझाबुझाकर शांत कराया।
बड़ागांव पुलिस पिछले सप्ताह में हुई छेड़खानी की घटना के मद्देनजर सरकारी संकुल भवन के सामने स्थित दिलीप की चाय-पान की दुकान बंद करा रही थी। एक सिपाही ने दिलीप की डंडे से पिटाई कर दी। इसके चलते हुई भगदड़ में उसका दूध का भगौना पलट गया। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस की जीप पर पथराव कर दिया। इससे नाराज सिपाही लोगों की पिटाई कर दुकानें बंद कराने लगे। इस संबंध में बड़ागांव इंस्पेक्टर ने बताया कि सरकारी संकुल भवन के सामने कुछ लोग अतिक्रमण कर दुकान लगाते हैं। शाम को वहां शोहदों का जमावड़ा होता है। अतिक्रमण करने वालों को पुलिस हटाने गई थी। मारपीट जैसी घटना नहीं हुई थी।