ज्ञानपुर। क्षेत्र के हरिहरपुर के पास स्थित एक प्रतिष्ठान पर सोमवार को सवर्ण समाज ने बैठक कर एससी एसटी कानून के खिलाफ नाराजगी जताई। फैसले के खिलाफ केंद्र सरकार का पुतला जलाकर सरकार पर सवर्ण विरोधी होने का आरोप लगाया। केंद्र सरकार के एससी एसटी कानून के खिलाफ लालानगर, डेहरिया, रामापुर, विसुनपुर, वीवीपुर और फौजीपुर के ग्रामीणों ने क्षेत्र के हरिहरपुर में बैठक की। अध्यक्षता करते हुए राकेश कुमार शुक्ल ने केंद्र सरकार के अध्यादेश के खिलाफ आक्रोश जताते हुए सुप्रीम कोर्ट के निर्णय की सराहना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद भाजपा सरकार सवर्णों को धोखा देने का काम कर रही है। इसका जवाब भाजपा को आगामी लोक सभा चुनाव में मिल जाएगा। सवर्णों को अपमानित करने के लिए भाजपा तरह तरह के हंथकंडे अपना रही है, लेकिन उसके मंसूबे को सफल नहीं होने दिया जाएगा। इसके बाद गुस्साए लोगों ने केंद्र सरकार के पुतले को आग के हवाले कर दिया। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई। इस मौके पर ओम प्रकाश शुक्ला, राहुल शुक्ला, रमेश तिवारी, वेचन पांडेय, कमलेश तिवारी, धर्मराज मिश्रा, अमरनाथ शुक्ला, ताड़केश्वर, रमापति आदि मौजूद रहे।