वाराणसी। बीएचयू के इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंस में चल रहे छह दिवसीय वार्षिकोत्सव के तहत दो दिवसीय स्वास्थ्य मेला 22 और 23 मार्च को आयोजित होगा। इस दौरान अलग-अलग विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओर से मरीजों की नि:शुल्क जांच कर परामर्श दी जाएगी। यहां लगने वाले 63 स्टॉलों के माध्यम से लोगों को विभिन्न बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।
संस्थान परिसर में बुधवार को दिन भर मेले की तैयारी चलती रही। संयोजक प्रो. यामिनी भूषण त्रिपाठी ने बताया कि मेले में चिकित्सकों के परामर्श के आधार पर दवाएं भी दी जाएंगी। अधिक से अधिक लोगों को इस मेले का लाभ मिल सके, इसके लिए नगर आयुक्त के माध्यम से पार्षदों, आम जनता, बीएसए के माध्यम से विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को भेजने की अपील की गई है। इस दौरान लोग दंत परीक्षण, मधुमेह, उक्त रक्तचाप, नेत्र रोग, हृदय रोग, मोटापा, फेफड़े की जांच, रक्त परीक्षण, ब्लड ग्रुप सहित अन्य बीमारियों की जांच करा सकेंगे। सीएमओ के निर्देशन में चिकित्सकों की एक टीम भी लोगों का इलाज करेगी।