रामनगर। सरस्वती प्रतिमा के विसर्जन के दौरान बुधवार रात नौ बजे किला रोड स्थित अयोध्या जी मैदान के सामने नाचने को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट में गौरव (18), राहुल (18), अतुल पांडेय (17) और इलियास (19) घायल हुए हैं। सभी घायलों को पहले स्थानीय लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में राहुल की हालत गंभीर होने पर उसे बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
कोदोपुर की पूजा समिति की सरस्वती प्रतिमा विसर्जन के लिए लोग बलुआ घाट जा रहे थे। विसर्जन जुलूस जब पीएसी तिराहे के पास पहुंचा तो डीजे वाला इलियास से और पूजा समिति के लोगों से कहासुनी हो गई। विसर्जन जुलूस में शामिल लोगों के बीचबचाव करने पर मामला खत्म हो गया। बाद में विसर्जन जुलूस किला रोड पर आया तो इलियास ने अपने साथियों को फोन कर वहां बुला लिया। जुलूस जब अयोध्या जी मैदान के पास पहुंचा तो विसर्जन करने जा रहे लोगों पर हमला कर दिया गया। इससे किला रोड पर अफरा-तफरी मच गई। क्षेत्र में भगदड़ के साथ अफवाहें फैल गई। विवाद के कारण थोड़ी देर के लिए विसर्जन कार्य बाधित रहा।